नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 निर्वाचन हेतु गठित कोषांगों की समीक्षा बैठक आयोजित जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के सफल संचालन को लेकर गठित सभी कोषांगों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई
बैठक में निर्वाचन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित कोषांगों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए

नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026
निर्वाचन हेतु गठित कोषांगों की समीक्षा बैठक आयोजित जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के सफल संचालन को लेकर गठित सभी कोषांगों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्वाचन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित कोषांगों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए
बैठक में निर्वाचन कोषांग को टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने एवं मतगणना से संबंधित योजना के ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया। कार्मिक कोषांग को चुनाव ड्यूटी हेतु कर्मियों की पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा चुनाव कार्य से मुक्त किए जाने से संबंधित आवेदनों के निष्पादन हेतु मेडिकल बोर्ड के गठन का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण कोषांग को कर्मियों का तीन चरणों में प्रशिक्षण पूर्ण कराने एवं मास्टर ट्रेनर की योग्यता जांच हेतु टेस्ट परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया गया। मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग को उपलब्ध बैलेट बॉक्स का आकलन कर आवश्यक मेंटेनेंस कार्य समय रहते पूर्ण कराने को कहा गया। साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि मतपत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो, इसकी पूरी जिम्मेवारी संबंधित निर्वाची पदाधिकारी की होगी तथा मुद्रक से निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए।
सामग्री कोषांग को आवश्यक सामग्री का आकलन करते हुए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्रियों की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सेक्टर मजिस्ट्रेट को सभी मतदान केन्द्रों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन करते हुए न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता तथा रूट चार्ट के अनुसार बूथ टैगिंग का प्रतिवेदन शीघ्र समर्पित करने को कहा गया।
परिवहन कोषांग को आवश्यकता के अनुरूप छोटी एवं बड़ी गाड़ियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विधि-व्यवस्था कोषांग को समय-समय पर आयोग को प्रतिवेदन भेजने, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने तथा निर्वाचन क्षेत्र में धारा 144 लागू करने के निर्देश दिए गए।
वहीं हेल्पलाइन एवं कंट्रोल रूम कोषांग को साकची थाना में कंट्रोल रूम क्रियाशील करने एवं संबंधित संपर्क नंबर सार्वजनिक करने का निर्देश दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन ससमय, टीम भावना एवं आपसी समन्वय के साथ, आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी धायलभूम अर्नव मिश्रा सहित सभी कोषांग के वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।




