Uncategorized

आम बागान को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए टाटा स्टील ने लिखी उपायुक्त को चिट्ठी

सरयू राय के पत्र पर हरकत में आया टाटा स्टील मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल तैनात करने की मांग

सरयू राय के पत्र पर हरकत में आया टाटा स्टील

आम बागान को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए टाटा स्टील ने लिखी उपायुक्त को चिट्ठी

मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल तैनात करने की मांग

 

जमशेदपुर-  टाटा स्टील के भूमि प्रबंधन विभाग के मुखिया आनंद कुमार ने पूर्वी सिंहभूम के जिलाधिकारी को पत्र लिख कर आम बागान को अतिक्रमण से मुक्त कराने हेतु वहां मजिस्ट्रेट और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करने का आग्रह किया है। यह चिट्ठी 6 जनवरी को लिखी गई है।
चिट्ठी में लिखा है कि टाटा स्टील ने आम बागान के एक बड़े हिस्से को लोहे के ग्रिल से कवर किया था ताकि कोई अवांछित तत्व न आ सके। अभी देखा गया है कि असामाजिक तत्वों ने मैदान के एक हिस्से में लगे लोहे के ग्रिल को काट दिया है। उस क्षेत्र को गैरकानूनी तौर पर वाहन पार्किंग का अड्डा बना दिया गया है। इसके साथ ही वहां अनेक गैरेज भी चल रहे हैं और मेला आदि भी लगाए जा रहे हैं, जिनके लिए कभी कोई आदेश नहीं लिया जाता है।
पत्र में लिखा गया है कि इस मैदान को अतिक्रमण एवं गैर कानूनी हरकतों से बचाने के लिए कंपनी ने तय किया है कि मैदान के चारों तरफ नए सिरे से चाहरदीवारी बनाई जाएगी। इसलिए आपसे आग्रह है कि आम बागान को अतिक्रमण से मुक्त कराने हेतु वहां मजिस्ट्रेट और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करें ताकि शहर के प्राइम लोकेशन में स्थित इस भूमि का सकारात्मक इस्तेमाल हो सके।
इस संबंध में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने उक्त पत्र को सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपलोड कर लिखाः जमशेदपुर का आम बगान, जिसका नामकरण हमने नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान, आम बगान किया है; को अतिक्रमण से मुक्त कराने हेतु मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती हेतु पत्र लिखा गया है। पत्र स्वतः स्पष्ट है। पत्र में इस बारे में पूर्व में किए गए प्रयासों का भी संदर्भ है।
गौरतलब है कि बीते 4 जनवरी को सरयू राय ने टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कारपोरेट सर्विसेज) को पत्र लिख कर नेताजी सुभाष चंद्र बोस आम बगान मैदान की स्थिति सुधारने और इसे नेताजी सुभाषचंद्र बोस के स्मृति स्थल के रूप में विकसित करने की पुरजोर मांग की थी। सरयू राय ने पत्र में लिखा था कि आम बगान मैदान, जिसका नामकरण कुछ वर्ष पहले नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आम बगान मैदान के रूप में किया गया है, की अहमियत से आप भलीभांति अवगत है। यह सार्वजनिक स्थल संप्रति दुर्दशा का शिकार है। इसमें बसों एवं वाहनों की पार्किंग हो रही है। इसका बड़ा भाग पुराने वाहनों के कबाड़ स्थल में तब्दील हो गया है। किनारे से इसका अवैध अतिक्रमण हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!