मानगो के विकास का संकल्प: पति के सपनों और जनसेवा की उम्मीद बनकर मैदान में उतरीं सुधा गुप्ता
मानगो नगर निगम के मेयर चुनाव ने शहर की सियासी तपिश को चरम पर पहुँचा दिया है। मंगलवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपनी पत्नी सुधा गुप्ता की उम्मीदवारी को मानगो श्रेत्र के विकास का नया अध्याय बताया। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बन्ना गुप्ता ने विरोधियों पर सीधा प्रहार किया और अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया

मानगो के विकास का संकल्प: पति के सपनों और जनसेवा की उम्मीद बनकर मैदान में उतरीं सुधा गुप्ता
जमशेदपुर – मानगो नगर निगम के मेयर चुनाव ने शहर की सियासी तपिश को चरम पर पहुँचा दिया है। मंगलवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपनी पत्नी सुधा गुप्ता की उम्मीदवारी को मानगो श्रेत्र के विकास का नया अध्याय बताया। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बन्ना गुप्ता ने विरोधियों पर सीधा प्रहार किया और अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि मैंने मानगो की समस्याओं को केवल देखा नहीं, बल्कि उन्हें जिया है। जिन कार्यों को लोग ‘असंभव’ कहते थे, उन्हें हमने धरातल पर उतारा है। आज फ्लाईओवर का तेजी से बनता स्वरूप और एमजीएम अस्पताल की भव्यता हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
जात- पात, धर्म और राजनीति से अलग हटकर कार्य करेंगी सुधा गुप्ता : बन्ना
उन्होंने स्पष्ट किया कि सुधा गुप्ता जात-पात और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर, मानवता और विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने संकल्प दोहराया कि मानगो की चिर-प्रतीक्षित यातायात समस्या का स्थायी समाधान और घर-घर शुद्ध पेयजल पहुँचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
राजनीतिक गलियारों में हो रही बयानबाजी पर तंज कसते हुए बन्ना गुप्ता ने बड़े ही बेबाक अंदाज में कहा कि यदि सुधा गुप्ता चुनाव जीतती हैं, तो वे गर्व से “मेयर के पति” कहलाएंगे। उन्होंने नसीहत दी कि राजनीति मुद्दों और विकास पर होनी चाहिए, न कि निजी जीवन और ओछे कटाक्षों पर।
कचरे की समस्या गलत नीतियों और को बुद्धि का परिणाम : बन्ना गुप्ता
साथ ही, विधायक सरयू राय का नाम लिए बिना उन्होंने कचरे की समस्या को ‘गलत नीतियों और कुबुद्धि’ का परिणाम बताया। दूसरी ओर मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखते हुए कहा कि यह चुनाव उनके लिए महज सत्ता की कुर्सी नहीं, बल्कि मानगो की हर उस मां, बेटी और बहन की आवाज बनने का जरिया है जिनकी बातें अनसुनी रह जाती हैं। महिलाओं को स्वावलंबी बनाना और स्वरोजगार के अवसर पैदा करना उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर होगा। कचरा प्रबंधन की आधुनिक व्यवस्था बनाने का प्रयास करेंगी। ताकि मानगो क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुविधा युक्त व्यवस्था मिले।
सुधा गुप्ता ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व—मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी—का आभार जताते हुए कहा, “जब एक महिला कुछ ठान लेती है, तो परिस्थितियां खुद-ब-खुद रास्ता बना देती हैं। इस संवाददाता सम्मेलन में बन्ना गुप्ता के अलावे मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज झा भी उपस्थित थे।
आने वाले समय में सियासी तापमान और चढ़ेगा इसमें कोई संदेह नहीं। चुनाव से पहले नेताओं के बीच बढ़ती यह तल्खी साफ संकेत दे रही है कि आने वाले दिनों में जमशेदपुर की राजनीति में अभी और भी बड़े ‘सियासी धमाके’ होने बाकी हैं।




