नगर निकाय चुनाव को लेकर 7 जनवरी को जुगसलाई नगर परिषद के समक्ष भाजपा का एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन, मंगलवार को मानगो नगर निगम कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं का धरना-प्रदर्शन
भाजपा जमशेदपुर महानगर की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं रणनीतिक बैठक सोमवार को जुगसलाई स्थित ऋषि भवन में महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में झारखंड सरकार द्वारा लंबे समय से नगर निगम व नगर परिषद चुनाव को लंबित रखे जाने पर तीखी नाराज़गी जताई गई और इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश करार दिया गया

नगर निकाय चुनाव को लेकर 7 जनवरी को जुगसलाई नगर परिषद के समक्ष भाजपा का एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन, मंगलवार को मानगो नगर निगम कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं का धरना-प्रदर्शन

जमशेदपुर- भाजपा जमशेदपुर महानगर की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं रणनीतिक बैठक सोमवार को जुगसलाई स्थित ऋषि भवन में महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में झारखंड सरकार द्वारा लंबे समय से नगर निगम व नगर परिषद चुनाव को लंबित रखे जाने पर तीखी नाराज़गी जताई गई और इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश करार दिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नगर निगम एवं नगर परिषद चुनाव की तिथि शीघ्र घोषित करने, दलीय आधार पर चुनाव कराने तथा ईवीएम से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग को लेकर 7 जनवरी, बुधवार को जुगसलाई नगर परिषद के समक्ष भाजपा आम जनता के साथ जोरदार धरना-प्रदर्शन करेगी। बैठक में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

सरकार जनाक्रोश से डरी हुई है – अभय सिंह
बैठक को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के कोल्हान टोली के सदस्य सह पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार जानबूझकर नगर निकाय चुनाव नहीं करा रही है, क्योंकि वह जनता के गुस्से और अपनी विफल नीतियों से भयभीत है। उन्होंने कहा कि जो सरकार बहुमत का दावा करती है, वही आज जनता की अदालत में जाने से बच रही है। नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर और ईवीएम से कराना लोकतंत्र की मूल शर्त है, जिसे सरकार कुचलना चाहती है।
चुनाव टालना लोकतंत्र का अपमान – सुधांशु ओझा
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि नगर निकाय चुनावों को लगातार टालना लोकतंत्र का सीधा अपमान है। सरकार जनता के अधिकारों से डर रही है, इसलिए चुनाव कराने से भाग रही है। उन्होंने कहा कि 2018 की तर्ज पर दलीय आधार पर ईवीएम से चुनाव कराना ही पारदर्शिता और जवाबदेही की गारंटी है। भाजपा इस लड़ाई को सड़क से सदन तक ले जाएगी।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज होगा – शैलेन्द्र सिंह
भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सरकार चुनाव की तिथि घोषित नहीं करती और ईवीएम से चुनाव कराने की घोषणा नहीं करती, तब तक भाजपा का आंदोलन और उग्र होगा।
जनता के हक की लड़ाई में भाजपा सड़क पर – अनिल मोदी
स्वागत संबोधन एवं विषय प्रवेश कराते हुए जिला महामंत्री अनिल मोदी ने कहा कि आगामी 7 जनवरी को जुगसलाई नगर परिषद के समक्ष भाजपा जनता के हक और अधिकार के लिए धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जुगसलाई की जनता इस लोकतांत्रिक संघर्ष में भाजपा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होगी।
बैठक में मंच संचालन जुगसलाई मंडल अध्यक्ष हन्नु जैन एवं धन्यवाद ज्ञापन मंडल महामंत्री सुनील शर्मा में किया।
मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा का धरना-प्रदर्शन मंगलवार को
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के तत्वाधान में मंगलवार सुबह 11 बजे मानगो नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारी की गई है। मंगलवार सुबह 11 बजे भाजपा कार्यकर्ता मानगो स्थित गांधी मैदान में एकत्रित होंगे और वहां से विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना देंगे। इस दौरान नगर निगम चुनाव से संबंधित कई मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने अधिक से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
जुगसलाई की बैठक में जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह, जिला महामंत्री अनिल मोदी, जुगसलाई नगर पालिका के पूर्व चैयरमेन मुरलीधर केडिया, जिला कोषाध्यक्ष कृष्णा शर्मा काली, भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा, अमित मिश्रा, अश्वनी तिवारी, रामप्रसाद जायसवाल, अनमोल शर्मा, प्रकाश जोशी, नागेन्द्र पांडेय, उपेंद्र चतरथ, सांवरलाल शर्मा, चंद्रशेखर दास, मुन्ना अग्रवाल, ज्ञान प्रकाश, राजेश रिगसिया, इंदर जैन, जगदीश लाल, शेखर शर्मा, गणेश रविदास, पिंटू शर्मा, सुनील शर्मा, अशोक सारस्वत, शिव शर्मा, ओम प्रकाश पाठक, रविकांत पांडेय, मनीष जोशी, विजय शर्मा, रितेश जैन, अरविंद मिश्रा, अनूप खां, अनिकेत कुमार, विकास सिंह, सुनील साहू, नारायण सिंह, रविशंकर तिवारी, विनय शर्मा, बैजनाथ शर्मा, विष्णु चौधरी, मन्नी सिंह, अनिल सेठ, संजय खिरवाल समेत अन्य मौजूद रहे।




